भारतीय क्रिकेट टीम के मशहूर बल्लेबाज और गेंदबाज विनोद कांबली एक बार फिर अपनी सेहत को लेकर सुर्खियों में है। बता दें कि आज़ कल इंटरनेट पर उनका एक नया वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर क्रिकेट फैंस काफी हैरान और दुखी हैं। इस वीडियो में विनोद कांबली बुजुर्गों की देखभाल करने वाले एक एल्डर ली केयर सेंटर में दिखाई दे रहे हैं। इस दिग्गज खिलाड़ी को इस हाल में देखकर लोग उनकी सेहत को लेकर चिंता जता रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो में विनोद कांबली खुद उस आश्रम की सुविधाओं और वहां के अच्छे माहौल की तारीफ करते नजर भी आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में, विनोद कांबली खुद वृद्धाश्रम के बारे में बात करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में विनोद कांबली ने कहा कि मैं इस समय निदान में हूं। मैं कहना चाहूंगा कि यहां की सुविधाएं काफी अच्छी है। उन्होंने आगे वहां की व्यवस्थाओं की तारीफ करते हुए कहा कि यहां साफ-सफाई और बाकी सब चीजें एकदम फर्स्ट क्लास हैं। मुझे यहां रहते हुए कभी ऐसा महसूस नहीं होता कि मैं अपने घर पर नहीं हूं। यहां के लोगों से मुझे बहुत ज्यादा प्यार और सम्मान मिल रहा है।
कांबली का यह वीडियो सामने आते ही, इंटरनेट पर क्रिकेट फैंस की चिंता काफी बढ़ गई है। कई लोग उनकी ऐसी हालत देखकर दुख जता रहे हैं, तो कई लोग उनकी अच्छी सेहत और लंबी जिंदगी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। आपको बता दें कि विनोद कांबली पिछले कुछ समय से बीमारी, पैसों की कमी और अपनी निजी जिंदगी की परेशानियों की वजह से लगातार खबरों में रहे हैं। इससे पहले भी उनके ऐसे वीडियो वायरल हुए थे जिनमें वे बिना किसी के सहारे चल भी नहीं पा रहे थे, जिसे देखकर भारतीय क्रिकेट फैंस बेहद दुखी हुए थे।

